वैज्ञानिकों ने पांच ऐसे नए ग्रहों की पहचान की है जो पृथ्वी के काफी नजदीक हैं। इनमें से एक ग्रह एक तारे की ऐसी कक्षा में है जहां जीवन के लिए उपयुक्त स्थितियां मौजूद हैं। इन ग्रहों की पृथ्वी से दूरी के बारे में कहा जा रहा है कि अगर प्रकाश की गति से चला जाए तो इन तक पहुंचने में महज 12 साल का वक्त लगेगा। द ऑस्ट्रेलियन की खबर के अनुसार, ताउ सेटी नामक तारे की गति के लगभग छह हजार आंकड़ों का विश्लेषण करने वाले वैज्ञानिकों का मानना है कि उसकी गति और दिशा में थोड़ी अनियमितताओं की वजह दूसरे आकाशीय पिंडों का गुरूत्वीय खिंचाव है। न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय के प्रोफेसर क्रिस टाइने ने कहा, ‘हमारा मानना है कि यह तारा बहुत धीरे-धीरे आगे और पीछे जा रहा है। पांच अलग-अलग समय के अंतराल में ऐसा करने के सबूत यह हमें दर्शा चुके हैं।’ टाइने ने बताया, ‘हमें लगता है कि इस तारे के चारों ओर पांच विभिन्न ग्रह घूम रहे हैं जिसके चलते इसकी गति आगे-पीछे हो रही है।’ऑस्ट्रेलिया, चिली, ब्रिटेन और अमेरिका से शोधकर्ताओं के अंतरराष्ट्रीय दल का मानना है कि ताउ सेटी के चारों ओर घूमने वाले इन पांचों ग्रहों में से एक ग्रह इस तारे के निवास योग्य क्षेत्र में मौजूद हैं, जहां कि स्थितियां जीवन के लिए उपयुक्त हैं। इस ग्रह का द्रव्यमान पृथ्वी से पांच गुना अधिक है और इस तरह किसी ऐसे निवास योग्य क्षेत्र का सबसे छोटा ज्ञात ग्रह है। इसका आकार पृथ्वी के आकार से दोगुना है। टाइने के अनुसार, वैज्ञानिकों का मानना है कि छोटे और चट्टानी ग्रहों पर जीवन की ज्यादा संभावना है।
You need to be a member of That's Me to add comments!
Join That's Me